Jammu : जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा, माता वैष्णो देवी यात्रा, शिव खोड़ी यात्रा और मचैल माता यात्रा शनिवार को भी स्थगित रहेंगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन इन यात्राओं पर रोक जारी रखी है।
वहीं, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) भारी बारिश, भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने के कारण लगातार तीसरे दिन भी बंद है। रामबन और उधमपुर जिले में कई स्थानों पर ताजा भूस्खलन से सड़क पर मलबा और चट्टानें जमा हो गई हैं, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित है। रामबन क्षेत्र में कई वाहन अब भी फंसे हुए हैं।
प्रशासन ने मलबा हटाने के लिए मशीनों और सड़क निकासी टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया है। युद्धस्तर पर सड़क साफ करने का काम जारी है ताकि मौसम में सुधार होते ही यातायात बहाल किया जा सके।
अधिकारियों ने यात्रियों से मौसम सामान्य होने और निकासी अभियान पूरा होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही, एनएच-44 पर सफर करने से पहले आधिकारिक ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।
लगातार सातवें दिन हो रही मूसलाधार बारिश के कारण घाटी में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। झेलम नदी कई स्थानों पर खतरे के निशान के करीब बह रही है, जबकि तवी, चिनाब, संगम और लिद्दर सहित अन्य नदियां और नाले भी चेतावनी स्तर के आसपास बह रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू संभाग और दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में दिन के दौरान मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि मध्य और उत्तर कश्मीर में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, देर दोपहर के बाद अधिकांश क्षेत्रों में मौसम में सुधार आने के आसार हैं।


