Koderma : जिले में रविवार देर रात और सोमवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पहली घटना कोडरमा थाना क्षेत्र के रांची-पटना मुख्य मार्ग स्थित कोडरमा घाटी के मेघातरी में हुई, जहां सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में गिट्टी लदे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रक चालक और उपचालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना झुमरी तालाब के समीप हुई, जहां बाइक की टक्कर में घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मेघातरी में खड़े ट्रक से भिड़ा गिट्टी लदा ट्रक
स्थानीय लोगों के अनुसार, मेघातरी में हुए हादसे में मृतक चालक की पहचान बिहार के नवादा निवासी 43 वर्षीय साधु यादव (पिता स्व. लखन यादव) और उपचालक की पहचान 24 वर्षीय छोटू कुमार (पिता कारु यादव) के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई थे।
घटनास्थल के पास होटल संचालक अमरदीप गिरी ने बताया कि रविवार रात वह होटल में ग्राहकों को खाना परोस रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार गिट्टी लदा ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व उपचालक उसमें फंस गए। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि दुर्घटना ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण हुई हो सकती है। सूचना मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को केबिन से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
बाइक की टक्कर में घायल युवक ने तोड़ा दम
दूसरी घटना कोडरमा थाना क्षेत्र के झुमरी तालाब के पास हुई। यहां बाइक की टक्कर में झुमरी निवासी 36 वर्षीय रंजीत कुमार यादव (पिता स्व. चिंतामन यादव) गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।


