Ranchi : झारखंड सरकार ने शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता सुविधाओं को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत 165 करोड़ 9 लाख 57 हजार रुपये की योजना को मंजूरी दी है। इस राशि से राज्य के विभिन्न शहरी निकायों में हजारों नए शौचालय (टॉयलेट) और मूत्रालय (यूरिनल) का निर्माण कराया जाएगा।
3,435 इकाइयों का होगा निर्माण
सरकार की योजना के अनुसार कुल 3,435 इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। इसके तहत 7,331 शौचालय सीटें और 1,600 मूत्रालय सीटें विकसित की जाएंगी।
योजना में शामिल हैं:
- 2,899 व्यक्तिगत शौचालय
- 110 सामुदायिक शौचालय
- 327 सार्वजनिक शौचालय
- 99 आकांक्षी सार्वजनिक शौचालय
ODF+ और Water+ मानकों पर होगा फोकस
सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य शहरों में लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुलभ शौचालय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इससे खुले में शौच और खुले में मूत्रत्याग की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही शहरी निकायों को ODF+, ODF++, Water+ और Garbage Free City के मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं
नए शौचालयों में महिलाओं, पुरुषों और दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध होंगी। दिव्यांगजनों के लिए रैंप, हैंडरेल, व्हीलचेयर अनुकूल मार्ग, ब्रेल संकेतक और फिसलन-रोधी फर्श की व्यवस्था की जाएगी।
महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यकता के अनुसार सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन, सेनेटरी वेस्ट इंसीनरेटर और शिशु देखभाल (बेबी केयर) सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
पर्यटन और सार्वजनिक स्थलों पर बनेंगे आकांक्षी शौचालय
योजना के तहत आकांक्षी सार्वजनिक शौचालय पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, बस स्टैंड, पार्कों और झीलों के आसपास बनाए जाएंगे। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नए शौचालयों में वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) और सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी।
नगर विकास एवं आवास विभाग ने बताया कि सभी निर्माण कार्य ई-टेंडर के माध्यम से कराए जाएंगे, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह बनी रहे।


