Nalanda : बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के तत्वावधान में सोमवार को बिहारशरीफ डेयरी प्रोजेक्ट परिसर में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नालंदा जिले में 20 मीट्रिक टन प्रतिदिन (एमटीपीडी) क्षमता वाले दही एवं लस्सी प्लांट का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान कॉम्फेड द्वारा संचालित एचपीसीएल पेट्रोल पंप और सुधा कैफेटेरिया का भी शिलान्यास किया गया। इसके अलावा पशु उठाव एवं परिवहन वाहन का लोकार्पण किया गया तथा जिले के 300 खुदरा विक्रेताओं को डीप फ्रीजर वितरित किए गए, ताकि दुग्ध उत्पादों के सुरक्षित भंडारण और विपणन व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम ने की।
इस अवसर पर जिले के सांसद, बिहार विधान परिषद और विधानसभा के सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक किसान तथा सहकारी समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।
राज्य सरकार के अनुसार, यह परियोजना नालंदा जिले में दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने, किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, दुग्ध उत्पादों के मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही डेयरी क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।


