Ranchi : झारखंड में JPSC और JSSC की नियुक्ति एवं परीक्षा प्रक्रियाओं को लेकर चल रहे विवाद के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को लोक भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को आयोगों की भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं और इसके विरोध में रांची में चल रहे छात्र आंदोलन की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक के दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भर्ती और परीक्षा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, ताकि युवाओं का विश्वास कायम रहे।
राज्यपाल ने कथित अनियमितताओं को गंभीर विषय बताते हुए कहा कि JPSC और JSSC जैसे आयोगों की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए, जिससे उनकी पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर किसी तरह का सवाल न उठे।
वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार छात्रों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुलाकात के दौरान राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे।










