Patna : जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक सोमवार सुबह 7 बजे से तिरंगा यात्रा (पदयात्रा) को देखते हुए यातायात पुलिस ने कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
ट्रैफिक व्यवस्था के तहत डाकबंगला चौराहा से गांधी मैदान (चिल्ड्रेन पार्क), न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड और छज्जूबाग से टीएन बनर्जी रोड की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इन रास्तों पर वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद
तिरंगा यात्रा के दौरान इन मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
मालवाहक और व्यावसायिक वाहनों के लिए रूट बदला
चिरैयाटाड़ और गोरियाटोली की ओर मालवाहक वाहनों का परिचालन नहीं होगा। इसी तरह मीठापुर से बुद्ध मार्ग और आर-ब्लॉक गोलंबर से आयकर गोलंबर की ओर भी मालवाहक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
पटना जंक्शन से आने वाले ऑटो का रूट
पटना जंक्शन से गांधी मैदान की ओर जाने वाले ऑटो डाकबंगला चौराहा से न्यू डाकबंगला रोड और भट्टाचार्य मोड़ होते हुए एक्जीबिशन रोड जाएंगे।
इसके बाद वे सीडीए बिल्डिंग गोलंबर, गोरियाटोली होते हुए पटना जंक्शन लौटेंगे।
नगर बसों के लिए भी बदला गया मार्ग
इंजीनियरिंग कॉलेज से चलने वाली नगर बसें गांधी चौराहा-मछुआटोली-दरियापुर तिराहा-नाला रोड-पीरमुहानी-सीडीए बिल्डिंग गोलंबर-गोरियाटोली होते हुए पटना जंक्शन तक जाएंगी। वापसी में भी बसें इसी मार्ग का इस्तेमाल करेंगी।
पटना सिटी के ऑटो और ई-रिक्शा के लिए रूट
पटना सिटी से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा मुसल्लहपुर हाट और बारी पथ होते हुए खजांची रोड तक जाएंगे।
वापसी में वे खजांची रोड से अशोक राजपथ पहुंचेंगे और वहां से गायघाट की ओर जाएंगे।
यातायात पुलिस ने तिरंगा यात्रा के दौरान वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन का पालन करने की अपील की है, ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।










