- रांची में 11 अगस्त को ‘नगरीय कार्यकर्ता एकत्रीकरण’, भगवान सहाय की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति
मुकेश रंजन
Ranchi : वनवासी कल्याण केंद्र, झारखंड की रांची महानगर समिति की ओर से 11 अगस्त को ‘नगरीय कार्यकर्ता एकत्रीकरण’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में रांची महानगर के कार्यकर्ता, शुभचिंतक एवं सहयोगी बंधु एकत्रित होंगे। आयोजन के माध्यम से सेवा कार्यों को गति देने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को और सुदृढ़ बनाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
वनवासी कल्याण केंद्र 1969 से झारखंड के सुदूर जनजातीय समाज के बीच धर्म, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहा है। संगठन की ओर से ‘तू-मैं एक रक्त’ की भावना के साथ समाजसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
भगवान सहाय की रहेगी विशेष उपस्थिति :
कार्यक्रम में अखिल भारतीय सह-संगठन मंत्री एवं वनवासी कल्याण आश्रम के सह-संगठन मंत्री भगवान सहाय की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इस दौरान नगरीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ने, संगठन के कार्यों को विस्तार देने और आपसी समन्वय को मजबूत करने पर चर्चा होगी।
बरियातू रोड स्थित सभागार में शाम 5 बजे कार्यक्रम:
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम 11 अगस्त 2026, मंगलवार को शाम 5 बजे से दुर्गा प्रसाद शांति देवी सराफ सभागार, आरोग्य भवन संख्या-1, बरियातू रोड, रांची में आयोजित किया जाएगा। रांची महानगर समिति ने सभी कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों एवं सहयोगी बंधुओं से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
मीडिया प्रमुख डॉ. अमित मीरा सिंह रघुवंशी ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।










