- कोडरमा के डोमचांच प्रखंड के मधुवन में बुधवार रात जंगली बांस की खुखड़ी खाने के बाद चार बच्चों और एक महिला की तबीयत बिगड़ गई। चार बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत पर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Koderma : जिले के डोमचांच प्रखंड अंतर्गत मधुवन में बुधवार रात जंगली बांस की खुखड़ी खाने के बाद चार बच्चे और एक महिला बीमार पड़ गए। उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद चार बच्चों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा में भर्ती कराया गया है, जबकि महिला का परिजनों ने घर पर ही प्राथमिक उपचार कराया।
सदर अस्पताल में भर्ती बच्चों में मौसम कुमारी (16), पिता निर्मल यादव, नैतिक कुमार (10), पिता रामानंद यादव, उज्जवल कुमार (10) और सूरज कुमार (12) शामिल हैं। उज्जवल कुमार और सूरज कुमार के पिता निर्मल यादव हैं।
400 रुपये किलो की दर से खरीदी गई थी खुखड़ी
निर्मल यादव ने बताया कि बांस की खुखड़ी को बाजार से करीब 400 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदकर घर लाया गया था। खुखड़ी खाने के कुछ समय बाद बच्चों और महिला को उल्टी तथा पेट दर्द की शिकायत होने लगी।
तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों ने चारों बच्चों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा पहुंचाया। महिला का घर पर ही प्राथमिक उपचार कराया गया।
सदर अस्पताल में बच्चों का इलाज जारी
सदर अस्पताल में भर्ती बच्चों का इलाज किया जा रहा है। चिकित्सक बच्चों की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहे हैं।
घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। परिजन बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं, जबकि महिला का घर पर प्राथमिक उपचार जारी है।





