- पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में आठ मजदूरों के मोबाइल चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने विकास प्रसाद को गिरफ्तार कर 13 मोबाइल बरामद किए हैं।
West Singhbhum : जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में आठ मजदूरों के मोबाइल चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल में कई फोन चोरी की घटना से जुड़े पाए गए हैं।
जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफेल मुर्मू ने गुरुवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त को सफिकुल शेख ने जगन्नाथपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
सफिकुल शेख मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के भगवानगोला थाना क्षेत्र के रामबाग बांधपूल के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह तोड़ागहातु में रेलवे पेटी कांट्रेक्टर के अधीन मजदूरी कर रहे हैं।
कैसे हुई मोबाइल चोरी?
शिकायत के अनुसार, 24 अगस्त की रात खाना खाने के बाद सभी मजदूर सो गए थे। अगले दिन 25 अगस्त की तड़के करीब 3 बजे सफिकुल शेख की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि चार्जिंग में लगाए गए आठ मजदूरों के मोबाइल फोन गायब हैं।
मजदूरों ने आसपास तलाश की और अन्य लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन मोबाइल फोन का पता नहीं चला। इसके बाद अज्ञात चोर के खिलाफ जगन्नाथपुर थाना में मामला दर्ज कराया गया।
तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जानकारी पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक को दी गई। उनके निर्देश पर पुलिस ने विशेष छापामारी दल का गठन किया और तकनीकी शाखा की मदद से जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बड़ा जामदा बस स्टैंड के समीप से विकास प्रसाद नामक युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 13 स्क्रीन टच और कीपैड मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामद मोबाइलों का मिलान चोरी गए फोन से किया। इनमें कई मोबाइल इसी चोरी के मामले से जुड़े पाए गए। इसके बाद पुलिस ने 26 अगस्त को विकास प्रसाद को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोबाइल चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
छापामारी दल में कौन-कौन शामिल था?
छापामारी अभियान में जगन्नाथपुर थाना प्रभारी पुअनि टिन्कु कुमार दास, पुअनि अभिमन्यु कुमार, पुअनि राजेश कुमार राय, तकनीकी शाखा के पुअनि अभय कुमार सहित जगन्नाथपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



