शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएं समृद्ध बिहार की मजबूत नींव : मुख्यमंत्री

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now पटना के मगध महिला महाविद्यालय में G+6 साइंस ब्लॉक और ऑडिटोरियम का निर्माण शुरू हुआ। सीएम सम्राट चौधरी ने महिला शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया। Patna : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले- शिक्षित महिलाएं समृद्ध बिहार की नींव
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
  • पटना के मगध महिला महाविद्यालय में G+6 साइंस ब्लॉक और ऑडिटोरियम का निर्माण शुरू हुआ। सीएम सम्राट चौधरी ने महिला शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया।

Patna : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना स्थित मगध महिला महाविद्यालय परिसर में G+6 साइंस ब्लॉक एवं ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएं समृद्ध बिहार की मजबूत नींव हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘महिलाओं की उन्नति, बिहार की प्रगति’ राज्य सरकार की प्राथमिकता है। बिहार की बेटियों और बहनों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर देना विकसित एवं समृद्ध बिहार के निर्माण के लिए जरूरी है।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं को मजबूत किया जा रहा है। साइंस ब्लॉक के निर्माण से मगध महिला महाविद्यालय की छात्राओं को विज्ञान विषयों की पढ़ाई के लिए बेहतर और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

इससे छात्राओं को उच्च शिक्षा, शोध और रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की बेटियां शिक्षा के हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

छात्राओं से बोले- लक्ष्य तय कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें

मुख्यमंत्री ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए जरूरी संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने छात्राओं से अपने लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत एवं समृद्ध बिहार’ के संकल्प को साकार करने में महिलाओं और बेटियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ‘बहनों का सम्मान, सरकार की पहचान’ के अनुरूप राज्य सरकार महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को लगातार प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की बेटियों को बेहतर शिक्षा और अवसर देकर ही राज्य की विकास यात्रा को नई गति दी जा सकती है। उन्होंने दोहराया कि शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएं समृद्ध बिहार की मजबूत नींव हैं।

छात्राओं ने मुख्यमंत्री से साझा की समस्याएं और सुझाव

संवाद के दौरान मगध महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा, “आप निर्भीक होकर अपनी सारी बातें बतायें। आपके कॉलेज और आपको शैक्षणिक क्षेत्र में किस चीज की आवश्यकता है, मगध महिला महाविद्यालय को और बेहतर कैसे बनाया जा सकता है, इसको लेकर आपके बीच आये हैं।”

मगध महिला महाविद्यालय की शोधार्थी छात्राओं से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि योजना की शुरुआत अधिक से अधिक छात्राओं को शोध के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से की गई है।

उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में पठन-पाठन के समय पुलिस दीदी की तैनाती की गई है, ताकि कोई असामाजिक गतिविधि न कर सके। बहन-बेटियां सुरक्षित होकर पढ़ाई करें, यह सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत बिहार के बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए सरकार सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि एक दिन में 211 डिग्री कॉलेज खोले गये हैं, ताकि अधिक से अधिक छात्र बेहतर ढंग से पढ़ाई कर सकें।

उन्होंने बताया कि 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूलों की शुरुआत की गई है। विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से छात्र ऑनलाइन अपनी समस्याएं और सुझाव दर्ज करा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि समस्याओं का समाधान 30 दिनों के अंदर होगा और छात्रों के सुझाव भी सरकार के लिए उपयोगी होंगे।

शिक्षा के साथ खेलकूद और कौशल पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मगध महिला महाविद्यालय की छात्राएं पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, जिम सहित अन्य गतिविधियों में भी भाग लें और अपना सर्वांगीण विकास करें। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि बिहार की बेटियां स्किल्ड हों और उच्च शिक्षा प्राप्त करें।

उन्होंने कहा कि बिहार की बेटियों में ऐसी योग्यता और आत्मविश्वास आए कि वे केवल रोजगार प्राप्त करने वाली ही नहीं, बल्कि रोजगार प्रदान करने वाली बनें।

‘स्वर’ पत्रिका का विमोचन, छात्रावास का भी निरीक्षण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘स्वर’ पत्रिका का विमोचन किया। एनसीसी की छात्राओं ने मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

मुख्यमंत्री ने मगध महिला महाविद्यालय के महिला छात्रावास का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हमारी बच्चियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

शोधार्थी छात्राओं ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र भेंट किया और मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना के लिए आभार व्यक्त किया। मगध महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने मुख्यमंत्री को रक्षासूत्र भी बांधा।

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाईगर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, पटना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अजय कुमार सिंह और मगध महिला महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. एनपी वर्मा सहित अन्य शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित थीं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.