- स्त्री एवं प्रसूति से लेकर अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा तक की सुविधाएं होंगी उपलब्ध, 22 निजी कमरों से सुसज्जित होगा प्राइवेट वार्ड
मुकेश रंजन
Ranchi: श्रावण पूर्णिमा के शुभ अवसर पर शुक्रवार, 28 अगस्त 2026 को कांके जेनरल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर प्राइवेट लिमिटेड के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया गया। नए भवन के शुरू होने से कांके और आसपास के क्षेत्र के लोगों को आधुनिक एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार भवन के विभिन्न तलों को अलग-अलग चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विकसित किया गया है।

पहले तल्ले पर स्त्री एवं प्रसूति विभाग
नवनिर्मित भवन के प्रथम तल्ले पर स्त्री एवं प्रसूति विभाग संचालित किया जा रहा है। विभाग में डॉ. कुमारी आभा अपने 25 वर्षों के अनुभव तथा सुप्रशिक्षित नर्सों की टीम के साथ मरीजों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेंगी।
अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा की तैयारी
दूसरे तल्ले पर नेत्र रोग विभाग विकसित किया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यहां सामान्य नेत्र रोगों के उपचार के साथ-साथ रेटिना से संबंधित विभिन्न रोगों के उपचार एवं शल्य चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य प्रगति पर है।
नेत्र विभाग में डॉ. मयूरी भट्टाचार्यी एवं डॉ. स्वर्णिम सिंह अपनी सेवाएं देंगे। विभाग में अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे जटिल नेत्र शल्य चिकित्सा को बेहतर तकनीकी सुविधाओं के साथ किया जा सकेगा।
22 निजी कमरों से सुसज्जित होगा प्राइवेट वार्ड
नवनिर्मित भवन के दूसरे एवं तीसरे तल्ले में प्राइवेट वार्ड विकसित किया गया है। इसमें कुल 22 निजी कमरों की व्यवस्था होगी। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इससे मरीजों एवं उनके परिजनों को उपचार के दौरान बेहतर सुविधा और अपेक्षाकृत आरामदायक वातावरण मिल सकेगा।
आरोग्यम भवन में एजकेयर और रिहैब सेंटर
भवन के छठे एवं सातवें तल्ले को पूर्ण रूप से ‘आरोग्यम भवन’ के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां एजकेयर एवं रिहैब सेंटर की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इसका उद्देश्य बुजुर्गों एवं पुनर्वास की आवश्यकता वाले लोगों को बेहतर देखभाल एवं आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना है।
बुजुर्गों के लिए पिठोरिया में बनेगा वृद्धाश्रम
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार आरोग्यम, राधिका एवं अतवारी मेमोरियल ट्रस्ट की एक इकाई के रूप में कार्य करेगा। राधिका एवं अतवारी मेमोरियल ट्रस्ट को डॉ. शम्भू प्रसाद सिंह का ड्रीम प्रोजेक्ट बताया गया। इसके अंतर्गत पिठोरिया में वृद्धाश्रम के निर्माण की योजना है।
प्रबंधन का कहना है कि अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। चिकित्सा, पुनर्वास और बुजुर्गों की देखभाल को एक ही व्यापक सेवा-परिकल्पना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अस्पताल परिवार की मौजूदगी में हुआ कार्यक्रम
उद्घाटन अवसर पर डॉ. कुमारी आभा, डॉ. बी.के. राय, सत्येंद्र कुमार (जीएम), डॉ. अनूप कांत, डॉ. प्रज्ञा राज, लता कुमारी (सुपरिटेंडेंट), मधुरेंद्र कुमार (पीआरओ), रीना, सुनील कुमार, लालू, श्रवण सहित अस्पताल के चिकित्सक, पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अस्पताल के निदेशक डॉ. शम्भू प्रसाद सिंह एवं डॉ. कुमारी आभा ने कहा कि नवनिर्मित भवन के माध्यम से कांके एवं आसपास के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आने वाले समय में अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा।



