- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर राष्ट्रमंडल खेल 2026 के पदक विजेता पैरा एथलीट सोमन राणा और झंडू कुमार को सम्मानित किया।
Patna : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले बिहार के पैरा एथलीट खिलाड़ियों सोमन राणा और झंडू कुमार को सम्मानित किया। सम्मान समारोह लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पुरुष एफ-57 शॉट पुट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले बिहार के खिलाड़ी सोमन राणा को 30 लाख रुपये की सम्मान राशि का चेक प्रदान किया।
वहीं, पुरुष पैरा पावरलिफ्टिंग में कांस्य पदक जीतने वाले झंडू कुमार को 15 लाख रुपये की सम्मान राशि का चेक दिया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर भी सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से जाना अनुभव
सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोनों खिलाड़ियों से बातचीत की। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों के अनुभव के बारे में जानकारी ली और उनकी उपलब्धियों के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल देश का गौरव बढ़ाया है, बल्कि बिहार को भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मानित करना सभी के लिए गौरव की बात है।
खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं देने की प्रतिबद्धता
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों की उपलब्धियां बिहार के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश के लिए पदक जीतने की प्रेरणा देती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग एवं सम्मान दिया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
वरीय अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण, कोच गौतम सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।



