- तेली साहू महासंगठन की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी पर मंथन
मुकेश रंजन
रांची/हजारीबाग। राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन, झारखंड की प्रदेश कार्यसमिति की द्वितीय बैठक हजारीबाग स्थित एफटीसी-स्किल इंडिया ट्रेनिंग सेंटर सभागार में हुई। बैठक में संगठन के विस्तार और मजबूती के साथ सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार तथा राजनीतिक भागीदारी के मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दानवीर भामाशाह एवं भक्त शिरोमणि माता कर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलित कर हुई। अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार निलेश ने की। संचालन प्रदेश महासचिव अरविंद कुमार साव ने किया। मुख्य अतिथि पूर्व कृषि मंत्री योगेंद्र साव का प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए समाज के प्रतिनिधियों ने माला, पुष्पगुच्छ और पीले अंगवस्त्र से स्वागत किया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार निलेश ने संगठन की मजबूती और विस्तार को लेकर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू ने संगठन का वृत्त प्रस्तुत करते हुए जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने तथा मजबूत कमेटियों के गठन पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के साथ जनसंख्या के अनुपात में राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित कराना, समाज में एकता बढ़ाना, शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना महासंगठन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
ओबीसी मुद्दे पर जतायी आपत्ति
हरिनाथ साहू ने जाति जनगणना 2027 में ओबीसी से संबंधित प्रावधानों को लेकर संगठन की आपत्ति रखी। उन्होंने राज्यपाल और राज्य सरकार से केंद्र सरकार के स्तर पर हस्तक्षेप कर ओबीसी के लिए पृथक कॉलम सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांग पर गंभीरता से विचार नहीं होने पर समाज लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होगा।
मुख्य अतिथि योगेंद्र साव ने कहा कि समाज की एकता ही संगठन की शक्ति है और संगठन की शक्ति ही विकास की दिशा तय करती है। उन्होंने समाज की जनसंख्या के अनुरूप हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता बतायी। उन्होंने आगामी पंचायत और विधानसभा चुनावों को लेकर समाज के बीच जनजागरूकता अभियान चलाने की बात कही। साथ ही रांची के मोरहाबादी मैदान में ‘तेली गूंज अधिकार रैली’ आयोजित करने की घोषणा की।
बैठक में रांची, रामगढ़, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, पलामू, गोड्डा, जमशेदपुर और लोहरदगा समेत विभिन्न जिलों से जिला अध्यक्ष, महासचिव, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए।
मौके पर राष्ट्रीय अपर महासचिव डॉ. अजय साव, राष्ट्रीय सचिव नीतू साहू, युवा प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष विकास कुमार साहू, राजनीतिक प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष मनोज साहू, प्रदेश महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष प्रियंका कुमारी, प्रदेश उपाध्यक्ष रामनिलाल साव, हजारीबाग जिला अध्यक्ष कैलाश साहू, जिला महामंत्री अशोक साहू सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम के आयोजन में नंदलाल साहू, अशोक साहू, अवध किशोर साहू, अजय साहू, डॉ. विनोद साहू, लालकिशन साहू, रवि साहू, गीता देवी, भोला कुमार, प्रदीप कुमार साहू, विनय साहू, दिनेश साहू, नंदू साहू, जानकी साहू, मिथलेश साहू, पदम साहू, बैजनाथ साहू, रामविलास साहू, कपिल साहू, राजकिशोर साहू सहित अन्य की भूमिका रही। अंत में अशोक साहू ने धन्यवाद ज्ञापित किया।



