- गोडाडीह, सातपालु व रायकोचा में फैला पानी, लोटा-गोडाडीह मार्ग प्रभावित; देवेंद्रनाथ महतो ने मांगा मुआवजा
Ranchi : सिल्ली प्रखंड के गोडाडीह पंचायत क्षेत्र में स्थित खेरबैड़ा डैम शनिवार दोपहर जलस्तर बढ़ने के बाद अचानक ध्वस्त हो गया। डैम टूटने से गोडाडीह, सातपालु, रायकोचा सहित आसपास के इलाकों में पानी फैल गया। इससे बड़ी मात्रा में धान समेत अन्य कृषि फसलों को नुकसान पहुंचने की सूचना है। अचानक पानी के बहाव से लोटा-गोडाडीह मुख्य मार्ग भी कई घंटों तक प्रभावित रहा, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।
घटना के बाद झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सिल्ली विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी देवेंद्रनाथ महतो ने प्रशासन से प्रभावित गांवों और किसानों का तत्काल सर्वे कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि डैम की मेड़ से पिछले कई दिनों से पानी का रिसाव हो रहा था। समय रहते प्रशासन संज्ञान लेता, तो नुकसान को कम किया जा सकता था।
उन्होंने प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग से फसल क्षति का आकलन कर प्रभावित किसानों को चिन्हित करने तथा नियमानुसार उचित मुआवजा और राहत उपलब्ध कराने की मांग की। महतो ने कहा कि सिल्ली कृषि प्रधान क्षेत्र है और किसानों की आजीविका मुख्य रूप से खेती पर निर्भर है। ऐसे में फसल की व्यापक क्षति किसानों के लिए गंभीर आर्थिक संकट पैदा कर सकती है।



