चतरा: चतरा सदर प्रखंड कार्यालय में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब हजारीबाग एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक राजस्व कर्मचारी को कथित रूप से रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार कर्मचारी की पहचान सतीश प्रसाद के रूप में हुई है। ACB की टीम ने यह कार्रवाई सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कर्मचारी भवन में की। बताया जा रहा है कि राजस्व से जुड़े एक काम को पूरा करने के बदले कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग की गयी थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने पहले मामले का सत्यापन कराया। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने मंगलवार को जाल बिछाकर कार्रवाई की।
कर्मचारी भवन में ACB की छापेमारी
राजस्व कर्मचारी की गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम ने उसके कार्यालय में भी जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने वहां मौजूद फाइलों, दस्तावेजों और संबंधित अभिलेखों को खंगाला। अचानक हुई इस कार्रवाई से प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों के बीच भी ACB की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी रही।
जांच के बाद सामने आएगी पूरी जानकारी
फिलहाल ACB की टीम गिरफ्तार राजस्व कर्मचारी से जुड़े मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। टीम यह भी जांच कर रही है कि रिश्वत की रकम कितनी थी और किस राजस्व कार्य के बदले इसकी मांग की गयी थी। अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण से जुड़ी जानकारी स्पष्ट होगी। भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
Also Read: हजारीबाग में आज मनेगा 59वां अभियंता दिवस, विकास और पर्यावरण के संतुलन पर होगी चर्चा



