Ranchi : राजधानी रांची के चटकपुर बाजार स्थित आकाश ज्वेलरी में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दुकान के संचालक बसंत कुमार को बाइक सवार दो अपराधियों ने गोली मार दी। यह घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है। बसंत कुमार को बाएं कंधे में गोली लगी है। गोली चलाने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बसंत कुमार अपनी दुकान में बैठे हुए थे, तभी बाइक पर सवार होकर दो युवक पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक गोली चला दी, जो सीधे बसंत के कंधे में लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिससे घबराकर दोनों अपराधी तेजी से फरार हो गए। लोगों ने पीछा भी किया, लेकिन बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण वे पकड़ से बाहर हो गए।
घायल बसंत कुमार को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इस वारदात का मकसद लूट नहीं बल्कि बसंत कुमार पर टारगेट अटैक था। हालांकि, अब यह पुलिस जांच में सामने आएगा कि इस हमले के पीछे किसका हाथ है और गोली मारने का असली मकसद क्या था। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।



