Ranchi : राज्य सरकार की सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले में अप्रैल से जुलाई तक की चार माह की पेंशन राशि का भुगतान शुरू कर दिया गया है। पहले चरण में 1,59,358 पेंशनधारकों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 63 करोड़ 74 लाख 32 हजार रुपये भेजे गए हैं।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर प्रत्येक लाभुक के खाते में चार माह की पेंशन के रूप में 4-4 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, बेड़ो, बुंडू, बुढ़मू, कांके, मांडर, नगड़ी, नामकुम, ओरमांझी, राहे, रातू, सिल्ली, सोनाहातू सहित जिले के 22 प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों के लाभुकों के खातों में राशि भेज दी गई है।
वहीं, अनगड़ा, चान्हो, तमाड़ और रांची शहर अंचल के लाभुकों के लिए पेंशन भुगतान की प्रक्रिया अभी जारी है। प्रशासन ने बताया कि इन क्षेत्रों के पात्र लाभुकों के खातों में भी जल्द ही राशि भेज दी जाएगी।
जिन लाभुकों के खातों में अभी तक पेंशन की राशि नहीं पहुंची है, उन्हें अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग कराने की सलाह दी गई है। साथ ही सभी पेंशनधारियों से अपने संबंधित प्रखंड या अंचल कार्यालय में भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) कराने का अनुरोध किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि आधार सीडिंग और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लाभुकों को सर्वजन पेंशन योजना का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहेगा।



