Patna : बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत वर्ष 2026 के पात्र छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके लिए ई-कल्याण पोर्टल 31 जुलाई से आवेदन हेतु खोल दिया गया है।
योजना के तहत बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) से इंटरमीडिएट प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण अल्पसंख्यक (मुस्लिम) छात्राओं तथा बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड से मौलवी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण छात्राओं को 15,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा, फौकानिया प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं को 10,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। यह राशि लाभार्थियों के बैंक खाते में डीबीटी (DBT)/आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
ऐसे करें आवेदन
आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को ई-कल्याण पोर्टल पर अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और रोल नंबर के माध्यम से लॉग-इन करना होगा। इसके बाद बैंक खाता संख्या, आईएफएससी कोड, आधार संख्या और अन्य आवश्यक विवरण भरने होंगे।
जरूरी शर्तें
- बैंक खाता छात्र-छात्रा के अपने नाम पर होना चाहिए।
- बैंक खाता आधार से सीडेड (Aadhaar-linked) होना अनिवार्य है।
- खाता बिहार स्थित राष्ट्रीयकृत बैंक, मान्यता प्राप्त निजी बैंक या इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की किसी शाखा में संचालित होना चाहिए।
विभाग ने कहा है कि आवेदन प्रक्रिया या योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए अभ्यर्थी अपने जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।



