- 1 अप्रैल 2027 से संभालेंगे जिम्मेदारी, मुख्यमंत्री बोले– झारखंड और इंफोसिस की साझेदारी होगी और मजबूत
Ranchi : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर निवासी आशीष कुमार दास को देश की अग्रणी आईटी कंपनी इंफोसिस का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। वह 1 अप्रैल 2027 से कंपनी की कमान संभालेंगे। कंपनी ने उन्हें पांच वर्षों के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया है।
आशीष कुमार दास लंबे समय से इंफोसिस से जुड़े हैं और कंपनी में कई महत्वपूर्ण नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभा चुके हैं। तकनीक, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और वैश्विक कारोबारी रणनीति के क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव को देखते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आशीष कुमार दास को नई जिम्मेदारी मिलने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर बधाई दी। उन्होंने लिखा कि “आशीष कुमार दास को इंफोसिस का CEO-नामित घोषित किए जाने पर हार्दिक बधाई। यह आपके दूरदर्शी नेतृत्व, नवाचार के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और भारत की सबसे सम्मानित वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों में से एक में आपके उत्कृष्ट योगदान का उचित सम्मान है।”
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में विश्व आर्थिक मंच (WEF) के दावोस सम्मेलन की मुलाकात को याद करते हुए कहा कि वहां उनकी आशीष कुमार दास के साथ झारखंड के खनन क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और उभरती तकनीकों के उपयोग, डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने तथा युवाओं को भविष्य के अनुरूप कौशल प्रदान करने जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई थी।
हेमंत सोरेन ने विश्वास जताया कि आशीष कुमार दास के नेतृत्व में झारखंड और इंफोसिस के बीच सहयोग और मजबूत होगा। इससे राज्य में नवाचार, कौशल विकास और प्रौद्योगिकी आधारित समावेशी विकास के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने आशीष कुमार दास को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।


