- आरोपी शिबू उरांव न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया, चोरी का सामान और दो साइकिलें भी बरामद
मुकेश रंजन
Ranchi : पिठोरिया थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का उद्भेदन करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटना के मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस के अनुसार, पिठोरिया थाना कांड संख्या 89/26, दिनांक 23 अगस्त 2026 में नामजद प्राथमिकी अभियुक्त शिबू उरांव (26 वर्ष), पिता स्वर्गीय माइकल उरांव, ग्राम ईचापीड़ी, थाना पिठोरिया, जिला रांची को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और इसके पश्चात उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मामले से संबंधित चोरी का सामान बरामद किया है। इसके साथ ही पुलिस के हाथ दो साइकिलें भी लगी हैं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना के अनुसंधान में अहम सुराग मिले हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी रखे हुए है।



