मुकेश रंजन
Ranchi: शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत राजधानी रांची के कांके स्थित बोडेया हाई स्कूल में बुधवार को नवनिर्मित आधुनिक पुस्तकालय का लोकार्पण रांची के सांसद संजय सेठ ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “पुस्तकालय किसी भी शिक्षण संस्थान की आत्मा होता है। किताबें केवल जानकारी नहीं देतीं, बल्कि व्यक्तित्व का निर्माण करती हैं और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देती हैं।”
सांसद ने विद्यार्थियों से पुस्तकालय का नियमित उपयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि डिजिटल युग में भी पुस्तकों का महत्व कभी कम नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पढ़ने की आदत ही विद्यार्थियों में ज्ञान, अनुशासन, चिंतन और नेतृत्व क्षमता का विकास करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तकालय विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
लोकार्पण समारोह में उपप्रमुख अजय बैठा, सांसद प्रतिनिधि अर्जुन राम, जिप सदस्य किरण देवी, सुकेश तिवारी, प्रभात भूषण सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए इसे विद्यालय के इतिहास का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक पुस्तकालय विद्यार्थियों में अध्ययन की संस्कृति को बढ़ावा देगा और उन्हें ज्ञान, शोध एवं नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और शिक्षा के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।



