Ranchi: कांके थाना क्षेत्र स्थित चर्चित श्री इनक्लेव अपार्टमेंट में धोखाधड़ी और गंभीर अनियमितताओं के मामले में बिल्डर सतीश कुमार उर्फ सचिन को पुलिस ने गिरफ्तार कर होटवार जेल भेज दिया है। थाना कांड संख्या 212/2022 के तहत यह कार्रवाई जमीन मालिक और फ्लैट खरीदारों के साथ फरेब, मारपीट, धमकी और आर्थिक धोखाधड़ी के आरोपों पर आधारित है।

Also Read : बुजुर्ग महिला लापता, परिजनों ने की मदद की अपील
घोटाले की परतें धीरे-धीरे उजागर हुईं।
बिल्डर ने बिना RERA पंजीकरण कराए ही फ्लैट का एग्रीमेंट किया और कई लोगों से मोटी रकम वसूली। बुनियादी संरचनाएं जैसे फायर फाइटिंग सिस्टम, जेनरेटर और इलेक्ट्रिकल पैनल तक बिल्डिंग में मौजूद नहीं हैं। RRDA से न तो नक्शा स्वीकृत कराया गया और न ही ऑक्युपेंसी सर्टिफिकेट लिया गया।
इतना ही नहीं, RERA कोर्ट द्वारा दिए गए फ्लैट हैंडओवर के आदेश को भी बिल्डर ने नजरअंदाज कर दिया। जांच के दौरान RRDA अभियंताओं की रिपोर्ट में तकनीकी और कानूनी गड़बड़ियों का खुलासा हुआ। RERA स्तर पर केस को प्रभावित करने की भी कोशिशें सामने आईं।
मानवता को झकझोर देने वाली एक घटना भी जुड़ी है इस मामले से।
सेवानिवृत्त नर्सिंग अधिकारी अनिता भौमिक ने ₹24 लाख देकर फ्लैट बुक कराया था। न उन्हें फ्लैट मिला, न ही पैसे वापस किए गए। उनके निधन के बाद भी परिवार न्याय की आस में है।
अब आगे क्या?
बिल्डर की गिरफ्तारी से लंबे समय से संघर्ष कर रहे पीड़ितों को थोड़ी राहत जरूर मिली है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन अन्य दोषियों पर भी कार्रवाई करेगा? या फिर यह मामला भी अदालतों की लंबी प्रक्रिया में उलझ जाएगा?
अब नजरें प्रशासन और न्याय प्रणाली की कार्यवाही पर टिकी हैं।






