सहरसा: बिहार के सहरसा जिले में एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब भोजन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। घटना महिषी प्रखंड के राजनपुर गांव की है, जहां सिमरी बख्तियारपुर से बारात आई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे।
कई लोग घायल
मारपीट में दूल्हा पक्ष के मो. आशिक, मो. इरफान, मो. हसन, मो. अब्बास, मो. जब्बार, मो. आतिफ और मो. महबूब समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, सिमरी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बारातियों ने लगाया हमला करने का आरोप
घायल बारातियों का आरोप है कि भोजन को लेकर शिकायत करने पर लड़की पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद शादी का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
दूल्हा पक्ष ने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर पूरे मामले की जांच कर रही है।



