Ramgarh : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी शादी की 22वीं वर्षगांठ धार्मिक आस्था और सादगी के साथ मनाई। इस अवसर पर वे अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ झारखंड के प्रसिद्ध शक्तिपीठ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने मां छिन्नमस्तिका के दरबार में राज्यवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। रजरप्पा पहुंचने पर रामगढ़ के उपायुक्त फ़ैज़ अक अहमद मुमताज और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी का आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गॉर्ड ऑफ ऑनर लेने से पूर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया और अपने परिजनों के साथ मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की। धार्मिक अनुष्ठान के बाद वे मंदिर से बाहर निकले, जहां उन्होंने उपस्थित समर्थकों और आम लोगों से मुलाकात की।
इस दौरान रामगढ़ वासियों ने मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन को उनकी विवाह वर्षगांठ की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री का यह धार्मिक दौरा सादगी, आस्था और परंपरा का प्रतीक माना जा रहा है।

