Koderma : झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने गुरुवार को कोडरमा जिले के लोकाई में आयोजित कार्यक्रम में केंद्र सरकार के बजट पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस बार के केंद्रीय बजट में झारखंड की घोर उपेक्षा की गई है, जबकि राज्य देश को सबसे अधिक खनिज संपदा देने वाले राज्यों में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि झारखंड अपने खनिज संसाधनों को दूसरे राज्यों में भेजने पर रोक लगा दे, तो देश की आर्थिक स्थिति कमजोर हो जाएगी। इसके बावजूद झारखंड को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड सदियों से देश को देता रहा है, लेकिन बदले में राज्य को सिर्फ उपेक्षा और गरीबी मिली।
हेमंत सोरेन ने झामुमो में शामिल हुए नए कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि कोडरमा जिले में पार्टी लगातार अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत कर रही है। उन्होंने झारखंड राज्य गठन के 25 वर्षों की चर्चा करते हुए कहा कि लंबे समय तक बिहार का हिस्सा रहने के कारण झारखंड विकास से वंचित रहा।
मुख्यमंत्री ने आदिवासी आंदोलन और स्वतंत्रता संग्राम में झारखंड के योगदान को याद करते हुए कहा कि हजारीबाग जेल से लेकर राज्य के कोने-कोने की जेलें आंदोलनकारियों से भरी रहीं। कोयला, लोहा और अबरख जैसी खनिज संपदा से दिल्ली, मुंबई और गुजरात चमकते रहे, जबकि झारखंड अंधकार और गरीबी में जीता रहा।
उन्होंने कहा कि देश के औद्योगिक विकास के लिए झारखंड और बिहार के लोगों को मजदूर बनाकर रखा गया, लेकिन अब झारखंड बदल रहा है। राज्य सरकार ने युवाओं को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का काम किया है और आज झारखंड के युवा विदेशों में पढ़ाई कर रहे हैं।
इस अवसर पर नगर विकास मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने कहा कि वर्ष 2019 और 2024 के चुनावों में झारखंड की जनता ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि सर्वजन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और मंईयां सम्मान योजना जैसी योजनाओं से जनता को सीधा लाभ मिला है और अब कोडरमा में भी बदलाव दिखाई देगा।
झामुमो में शामिल हुईं शालिनी गुप्ता ने कहा कि यह दिन संघर्ष के नवीनीकरण का दिन है। उन्होंने कहा कि झारखंड जिनका था, जिनसे है और जिनके संघर्ष से बना है, वह उन्हीं का रहेगा।
कार्यक्रम में मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू, पार्टी नेता प्रणव वर्मा, पूर्व विधायक केदार हाजरा, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी यादव सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बिरेन्द्र पांडेय ने की, जबकि संचालन जिला सचिव पवन माइकल कुजूर ने किया।
मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत
कोडरमा आगमन पर उपायुक्त ऋतुराज ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पौधा भेंट कर स्वागत किया। जेजे कॉलेज परिसर में हेलीकॉप्टर से उतरने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह और उप विकास आयुक्त रवि जैन भी उपस्थित थे।



