Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को झारखंड विधानसभा में राज्य सरकार के तीन दिवंगत कर्मियों के परिजनों को सम्मानपूर्वक एक-एक करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। इनमें शामिल हैं – जिला पुलिस बल गुमला के स्वर्गीय कांस्टेबल अजीत कुमार, जिला पुलिस बल सरायकेला के स्वर्गीय आरक्षी अनिल कुमार झा, तथा राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित जामताड़ा जिला के शिक्षक स्वर्गीय सुशील कुमार मरांडी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “सेवा के दौरान दुर्घटना में दिवंगत कर्मियों के परिजनों के साथ राज्य सरकार पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्हें उनका पूरा अधिकार सम्मानपूर्वक दिया जा रहा है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह सहायता राशि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की विशेष बीमा योजना के तहत दी जा रही है, जिससे दिवंगत कर्मियों के परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा।
इस अवसर पर दिवंगत कर्मियों के परिजनों ने राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से उनके बच्चों की पढ़ाई और परिवार के भरण-पोषण में मदद मिलेगी।
इस मौके पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के झारखंड प्रमुख एवं महाप्रबंधक विवेक चंद्र जायसवाल, उप महाप्रबंधक मनोज कुमार, मुख्य प्रबंधक विकास कुमार पांडे सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।





