Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को राजधानी रांची का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और शहरी अवसंरचना की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने शहर के प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक सुविधाओं और आम नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर में आवागमन को और सुगम बनाया जाए तथा नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक शहर को बेहतर, सुरक्षित और नागरिकों के लिए अनुकूल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि झारखंड का हर शहर समावेशी, सुव्यवस्थित और खुशहाल बने, जहां नागरिकों को सम्मान के साथ गुणवत्तापूर्ण जीवन सुविधाएं प्राप्त हों।



