Ranchi: पीएम श्री राजकीय उच्च विद्यालय, कुम्हरिया, कांके में विद्यालयीय लोकतान्त्रिक महोत्सव के अवसर पर बाल संसद के लिए मंत्रिपरिषद समूह का चुनाव संपन्न हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों में लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान प्रक्रिया और नेतृत्व कौशल का विकास करना रहा।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए संसदीय अध्यक्ष, प्रधानमंत्री एवं उपप्रधानमंत्री पद हेतु मतदान कराया गया। मतदान प्रक्रिया में केजी से लेकर कक्षा 10वीं तक के सभी छात्र-छात्राओं के साथ-साथ प्राचार्य, शिक्षकगण, सरस्वती वाहिनी संचालन समिति की सदस्याएँ और विद्यालय प्रबंधन समिति के माननीय सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित रही – संचालन प्रशिक्षु अध्यापक दल ने निर्वाचन अधिकारी के रूप में किया। आठ राउंड की मतगणना के बाद घोषित परिणामों में:
संसदीय अध्यक्ष के रूप में सुश्री कंचन कुमारी, प्रधानमंत्री के रूप में श्री पृथ्वीराज शर्मा, उपप्रधानमंत्री के रूप में सुश्री सैय्यदा नाज़ को विजयी घोषित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री अशोक सिंह सहित समस्त स्टाफ ने विजयी प्रतिनिधियों को पुष्पमालाओं से सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल नेतृत्व की कामना की।
आगामी सोमवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा 15 सदस्यीय मंत्रिमंडल का गठन किया जाएगा, तथा सभी को पद, गोपनीयता एवं सेवा कर्तव्य की शपथ दिलाई जाएगी।



