- बिहार की राजनीति में लोजपा रामविलास ने चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य सार्वजनिक किया। राजू तिवारी के बयान का प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने भी समर्थन किया।
Patna : बिहार की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) ने चिराग पासवान को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य सार्वजनिक किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और गोविंदगंज विधायक राजू तिवारी ने शुक्रवार को कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में लोजपा आर अपनी सरकार बनाएगी और चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प पूरा करेगी।
राजू तिवारी के इस बयान के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। लोजपा आर फिलहाल एनडीए की सहयोगी है और चिराग पासवान केंद्र की मोदी सरकार में मंत्री हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री पद को लेकर सहयोगी दल के नेता की ओर से खुले तौर पर दावेदारी किए जाने के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुआ अभिनंदन कार्यक्रम
पटना के व्हीलर रोड स्थित लोजपा आर के प्रदेश कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के अभिनंदन के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान भी मौजूद थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान राष्ट्रीय महासचिव राजू तिवारी ने पार्टी की आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले विधानसभा चुनाव में इस संकल्प को पूरा किया जाएगा।
सुरेंद्र विवेक ने भी किया बयान का समर्थन
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में लोजपा आर के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने भी राजू तिवारी के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2029 में हों या 2030 में, पार्टी का लक्ष्य चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाना है।
सुरेंद्र विवेक ने कहा कि जब लोजपा रामविलास बिहार में नंबर वन पार्टी बनेगी तो स्वाभाविक रूप से चिराग पासवान ही मुख्यमंत्री होंगे।
2025 विधानसभा चुनाव में 19 सीटों पर मिली थी जीत
लोजपा आर ने 2025 के विधानसभा चुनाव में 28 सीटों पर चुनाव लड़ा था और इनमें 19 सीटों पर जीत हासिल की थी। इसके बाद बिहार विधानसभा में पार्टी का प्रभाव बढ़ा है।
पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान केंद्र में मंत्री हैं और लोजपा आर एनडीए का हिस्सा है। ऐसे में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव का मुख्यमंत्री पद को लेकर दावा और प्रदेश अध्यक्ष का उसका समर्थन बिहार की गठबंधन राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
एनडीए के भीतर दावेदारी पर बढ़ी चर्चा
हालांकि विधानसभा चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन लोजपा आर के इस रुख से यह संकेत मिल रहा है कि पार्टी भविष्य की राजनीति में अपनी भूमिका को लेकर अभी से स्पष्ट रणनीति के साथ आगे बढ़ना चाहती है।
लोजपा आर के नेताओं के ताजा बयानों ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि आने वाले समय में एनडीए के भीतर मुख्यमंत्री पद और सीट बंटवारे को लेकर सहयोगी दलों की दावेदारी किस रूप में सामने आएगी।
फिलहाल पार्टी ने चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य को सार्वजनिक रूप से सामने रख दिया है। अब देखना होगा कि एनडीए के अन्य घटक दल इस दावे पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और बिहार की सियासत किस दिशा में आगे बढ़ती है।



