रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) झारखंड के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। बैठक में राज्य में निवेश बढ़ाने, औद्योगिक विकास को गति देने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री और सीआईआई प्रतिनिधियों ने राज्य में उद्योग अनुकूल माहौल तैयार करने, निवेश प्रक्रिया को सरल बनाने तथा नई औद्योगिक परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। प्रतिनिधिमंडल ने दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच-2026 में झारखंड सरकार की सक्रिय भागीदारी और यूनाइटेड किंगडम की सफल यात्रा के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी।
सीआईआई प्रतिनिधियों ने कहा कि वैश्विक मंचों पर झारखंड की मजबूत उपस्थिति से राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक उभरते निवेश गंतव्य के रूप में नई पहचान मिली है। उन्होंने राज्य सरकार को मिले मजबूत “इन्वेस्टमेंट इंटेंशन” की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड में निवेशकों और उद्योगों के लिए सकारात्मक माहौल तैयार हो रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड को देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में शामिल करने की दिशा में सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने की इच्छा जताई। साथ ही, सीआईआई ने “नॉलेज और इंडस्ट्री पार्टनर” के रूप में औद्योगिक नीति निर्माण, निवेश प्रोत्साहन और औद्योगिक अवसंरचना विकास में सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
बैठक में उद्योगों के लिए बेहतर आधारभूत संरचना विकसित करने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए सरकार के साथ निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि दावोस में आयोजित वैश्विक आर्थिक मंच के दौरान राज्य सरकार ने दुनिया के सामने यह संदेश रखा कि झारखंड असीम संभावनाओं वाला राज्य है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों, मानव संसाधनों और औद्योगिक क्षमता के मामले में झारखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है और राज्य सरकार निवेशकों के लिए पारदर्शी तथा बेहतर वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करना भी है। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों के लिए सरल और पारदर्शी नीतियां लागू कर निवेशकों का विश्वास मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में सीआईआई झारखंड स्टेट काउंसिल के अध्यक्ष दिलू पारिख, टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विस के उपाध्यक्ष डी.बी. सुंदर रमन, सीआईआई ईस्टर्न रीजन के रीजनल डायरेक्टर देव ज्योति तथा सीआईआई झारखंड हेड प्रभात कुमार शामिल थे।



