Ranchi : झारखंड में शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है। राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। सिर्फ पाकुड़ और पूर्वी सिंहभूम ऐसे जिले हैं जहां न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया जा रहा है। गुरुवार सुबह भी तेज ठंडी हवा के कारण कनकनी बढ़ी और जनजीवन प्रभावित रहा।
गुरुवार को राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में 0.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि कांके इलाके में 4.7 डिग्री तापमान रहा। शीतलहर का असर गुमला, बोकारो, पलामू, चाईबासा, खूंटी, हजारीबाग, सिमडेगा, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम, लोहरदगा सहित कई जिलों में देखने को मिला।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है, हालांकि कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। राहत की बात यह है कि अधिकांश क्षेत्रों में सुबह के समय कुहासे/कोहरे से अब कुछ राहत मिल रही है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अब झारखंड में उत्तरी हवा की जगह पश्चिमी हवा की गति बढ़ रही है। इसके चलते आने वाले 2–3 दिनों में कनकनी कम होने की संभावना जताई गई है।



