Katihar : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ‘माई भारत’ कटिहार की ओर से रविवार को ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कोलासी सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों और शैक्षणिक संस्थानों में 15 हजार से अधिक युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कोलासी स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 500 से अधिक युवाओं ने भाग लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सुना। इस दौरान युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ भी ली।
मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कटिहार सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार, मित्रों और समाज में नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों के सामूहिक प्रयास से ही इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है और कटिहार को नशामुक्त बनाया जा सकता है।
माई भारत कटिहार के जिला युवा अधिकारी नीरज झा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अमित कुमार, वरीय उप समाहर्ता नैमिष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चौधरी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन कटिहार को स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त जिला बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।



