Bokaro : जिले के गोमिया प्रखंड में जंगली हाथियों का आतंक लगातार जानलेवा होता जा रहा है। ताजा घटना महुआटांड़ थाना क्षेत्र के गांगपुर गांव से सामने आई है, जहां शुक्रवार देर रात हाथियों का झुंड गांव में घुस आया और एक घर पर हमला कर दिया। इस हमले में एक ही परिवार के दो सदस्यों की कुचलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, हमला इतना अचानक था कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
तीन दिन में पांच मौतें
यह पहली घटना नहीं है। इससे दो दिन पहले भी हाथियों ने घर में सो रहे तीन ग्रामीणों को कुचलकर मार डाला था। बीते 72 घंटों में हाथियों के हमलों से कुल पांच लोगों की जान जा चुकी है, जिससे पूरे इलाके में शोक और भय का माहौल है।
वन विभाग पर ग्रामीणों का गुस्सा
लगातार हो रही मौतों से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि हाथियों की आवाजाही की समय पर सूचना नहीं दी जा रही और न ही ठोस सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। मजबूरी में ग्रामीण शाम ढलते ही मशालें जलाकर और शोर मचाकर पहरा दे रहे हैं, लेकिन हाथियों के झुंड के सामने ये उपाय नाकाफी साबित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम, नियमित गश्त, अलर्ट सिस्टम और हाथियों को सुरक्षित कॉरिडोर की ओर खदेड़ने की मांग की है, ताकि आगे किसी की जान न जाए।



