Chaibasa : एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी), जमशेदपुर की टीम ने शनिवार को चाईबासा में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम ने भवन निर्माण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अरविंद कुमार सिंह को 70 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। उनकी गिरफ्तारी पुराने उपायुक्त कार्यालय परिसर से की गई।
जानकारी के अनुसार, अरविंद कुमार ने एक भवन निर्माण कार्य के बकाया भुगतान के लिए ठेकेदार से 2.5% कमीशन यानी 70 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। उक्त भवन निर्माण का कुल खर्च 55 लाख रुपये था, जिसमें ठेकेदार को अब तक 29 लाख का भुगतान किया जा चुका था।
ठेकेदार रितेश चिरानिया ने लगातार घूस की मांग से परेशान होकर एसीबी, जमशेदपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद, एसीबी टीम ने जाल बिछाकर अरविंद कुमार सिंह को रिश्वत लेते ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए एसीबी, जमशेदपुर ले जाया गया।

