बिहार में सोलर पैनल लगाने की रफ्तार तेज, 8 महीने में चार गुना बढ़ी संख्या; 98 हजार तक सब्सिडी

बिहार में घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने का काम तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर को लेकर लोगों की रुचि बढ़ी है।
सांकेतिक तस्वीर

पटना: बिहार में घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने का काम तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर को लेकर लोगों की रुचि बढ़ी है। ऊर्जा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से अगस्त के बीच राज्य में सोलर पैनल लगाने की संख्या करीब चार गुना बढ़ी है।

जनवरी में राज्यभर में 768 रूफटॉप सोलर पैनल लगाए गए थे। अगस्त तक यह आंकड़ा बढ़कर 3,068 हो गया। वहीं सितंबर के शुरुआती 13 दिनों में ही 1,699 सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। विभाग का अनुमान है कि मौजूदा रफ्तार जारी रही तो सितंबर के अंत तक करीब 4,000 पैनल लगाए जा सकते हैं।

हर महीने बढ़ता गया आंकड़ा

ऊर्जा विभाग के अनुसार, फरवरी में 987, मार्च में 1,166, अप्रैल में 1,400, मई में 1,776, जून में 1,887 और जुलाई में 2,736 रूफटॉप सोलर पैनल लगाए गए। अगस्त में यह संख्या बढ़कर 3,068 हो गई। ये आंकड़े दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) और उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) के क्षेत्रों में लगाए गए सोलर पैनलों से जुड़े हैं।

बीपीएल परिवारों को मुफ्त सोलर पैनल

बिहार में कुटीर ज्योति यानी बीपीएल श्रेणी के बिजली उपभोक्ताओं के लिए 1.1 किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर पैनल मुफ्त लगाने की योजना शुरू की गई है। दोनों बिजली वितरण कंपनियां नवंबर के अंत तक करीब 2.5 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया में हैं। बीपीएल परिवारों के लिए पैनल लगाने पर 100 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।

98 हजार रुपये तक की सब्सिडी

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से आर्थिक मदद दी जा रही है।

1 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगाने पर कुल 40 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है। इसमें केंद्र की ओर से 30 हजार और राज्य सरकार की ओर से 10 हजार रुपये शामिल हैं।

2 किलोवाट के सिस्टम पर कुल 80 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिलेगी, जबकि 3 किलोवाट के सिस्टम पर अधिकतम 98 हजार रुपये तक की सहायता का प्रावधान है।

3 किलोवाट सिस्टम पर केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार और बिहार सरकार की ओर से 20 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। राज्य सरकार की अतिरिक्त सब्सिडी की व्यवस्था 31 मार्च 2027 तक लागू रहेगी।

2 लाख रुपये तक का लोन

सोलर पैनल लगाने के लिए उपभोक्ताओं को बैंक से कम ब्याज पर लोन की सुविधा भी दी जा रही है। योजना के तहत 3 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम के लिए बिना जमानत 2 लाख रुपये तक का ऋण 5.75 प्रतिशत ब्याज दर पर लिया जा सकता है। इससे उन लोगों को भी सोलर सिस्टम लगाने में मदद मिलेगी, जो एक साथ पूरी लागत नहीं चुका सकते।

स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर

ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि रूफटॉप सोलर का उद्देश्य लोगों को लंबे समय तक अपनी बिजली जरूरतों के लिए आत्मनिर्भर बनाना है। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव ने कहा कि राज्य सरकार की अतिरिक्त आर्थिक सहायता और कम ब्याज वाले ऋण से लोगों के लिए सोलर प्लांट लगाना आसान होगा। सरकार पारंपरिक ऊर्जा पर निर्भरता कम कर गैर-पारंपरिक ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।

योजना की जानकारी कहां मिलेगी?

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी के लिए उपभोक्ता योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी ले सकते हैं या टोल-फ्री नंबर 15555 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी विद्युत कार्यालय से भी योजना के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.