- सिविल सर्जन बोले- 195 घरों का सर्वे, 1378 लोगों की जांच; 56 के नमूने लिए गए, अन्य में ड्रॉप्सी की पुष्टि नहीं
Palamu : जिले के पड़वा प्रखंड के सिक्का गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की रहस्यमयी मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा खुलासा किया है। सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आर्जीमोन (Argemone) मिले सरसों के तेल के सेवन से परिवार के सदस्यों को ड्रॉप्सी (Dropsy) रोग हो गया था, जिसके कारण उनके शरीर में सूजन बढ़ती गई और अंततः पांच लोगों की मौत हो गई।

डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि जांच के दौरान सिक्का गांव के 195 घरों का सर्वे किया गया और 1,378 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान 56 लोगों के हाथ-पैर में सूजन मिलने पर उनके रक्त के नमूने जांच के लिए भेजे गए। हालांकि, इनमें ड्रॉप्सी रोग की पुष्टि नहीं हुई।
सरसों की फसल में मिल गए थे आर्जीमोन के बीज
सिविल सर्जन ने बताया कि आर्जीमोन एक कांटेदार खर-पतवार है, जो पलामू क्षेत्र में बड़ी मात्रा में पाया जाता है। स्थानीय भाषा में इसे कटैला या पीला धतूरा भी कहा जाता है। सरसों की फसल कटाई के दौरान इसके बीज सरसों के दानों में मिल गए। बाद में इन्हीं दानों से निकाले गए तेल का परिवार ने सेवन किया, जो जानलेवा साबित हुआ।
उन्होंने बताया कि जांच के लिए तेल सहित अन्य खाद्य सामग्री के नमूने भी भेजे गए थे, लेकिन उनमें किसी अन्य प्रकार की गड़बड़ी नहीं मिली।
एक के बाद एक गई पांच लोगों की जान
गौरतलब है कि सिक्का गांव निवासी कुलदीप महतो के परिवार में कुछ ही दिनों के अंतराल में पांच लोगों की मौत हो गई थी। सबसे पहले 19 जून को कुलदीप महतो का निधन हुआ। इसके बाद 20 जून को उनकी बेटी बबिता कुमारी, 26 जून को दूसरी बेटी इंदु कुमारी, 28 जून को बहू श्वेता तथा बाद में रांची रिम्स में इलाज के दौरान बेटे नकुल महतो की मौत हो गई।
परिवार के तीन सदस्यों का पोस्टमार्टम मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, पलामू में कराया गया था, जबकि दो अन्य की मौत इलाज के दौरान हुई। सभी मृतकों के शरीर में पहले हाथ-पैर और फिर पूरे शरीर में सूजन की शिकायत थी। वर्तमान में परिवार के दो अन्य सदस्यों का इलाज जारी है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि खाद्य तेल की शुद्धता को लेकर सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की असामान्य शारीरिक सूजन या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें।



