Patna : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड स्थित ऐतिहासिक बाखोरापुर मां काली मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान मंदिर ट्रस्ट की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया।
नीतीश कुमार ने मंदिर के गर्भगृह में विधि-विधान के साथ मां काली की पूजा-अर्चना कर देश और बिहार की सुख-समृद्धि, शांति एवं विकास की कामना की। पूजा के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया।
मंदिर विकास को लेकर सौंपा गया ज्ञापन
पूजन के उपरांत बाखोरापुर काली मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष बीडी सिंह के नेतृत्व में ट्रस्ट के सदस्यों ने पूर्व मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मंदिर के समग्र विकास, पर्यटन विभाग के सहयोग से बाखोरापुर महोत्सव के आयोजन सहित कई मांगें रखी गईं। इस पर नीतीश कुमार ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
पूर्व मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी पूरे समय सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में मौजूद रहे।
इस अवसर पर बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा, संदेश विधायक राधा चरण शाह, बड़हरा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, एनडीए के कई कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।


