Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को मंत्रालय सभागार में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण एवं मेधा सम्मान समारोह में राज्य के 975 नव नियुक्त स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों, सहायक आचार्यों और प्रयोगशाला सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

इस मौके पर उन्होंने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC), CBSE, ICSE बोर्ड और मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 10वीं व 12वीं के टॉपर्स, तथा आकांक्षा कोचिंग के सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने घोषणा की कि नेतरहाट आवासीय विद्यालय को अब को-एजुकेशन स्कूल बनाया जाएगा और उसकी तर्ज पर तीन और विद्यालय खोले जाएंगे।
सरकार द्वारा टॉपर्स को ₹3 लाख की राशि, लैपटॉप और स्मार्टफोन प्रदान किया गया। JAC टॉपर्स को स्कूटी भी दी गई। शत-प्रतिशत रिजल्ट देने वाले विद्यालय और आकांक्षा कोचिंग के सफल छात्र भी सम्मानित हुए।
इस कार्यक्रम में राज्य के मंत्रीगण, सांसद महुआ माजी, अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

