Ranchi : पिठोरिया पुलिस ने अवैध मवेशी तस्करी पर करारी चोट करते हुए शनिवार को बड़ी सफलता हासिल की। नियमित गश्ती के दौरान पिठोरिया-बीआईटी मार्ग स्थित सोसो गांव के समीप वाहन जाँच अभियान चलाया गया। इसी क्रम में पुलिस ने चार मवेशी लदे पिकअप वाहन को जब्त करते हुए दो तस्करों को धर दबोचा।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान इरफान अंसारी (निवासी नया सराय, विधानसभा थाना क्षेत्र) तथा वारिस आलम (निवासी काटमकुली, पिठोरिया थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने मवेशियों की अवैध तस्करी में संलिप्त होने की बात स्वीकार की।
थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया के अंतर्गत जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दृढ़ स्वर में कहा क्षेत्र में किसी भी परिस्थिति में अवैध मवेशी व्यापार को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। इस प्रकार के अपराधों के विरुद्ध पुलिस की कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



