Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य में उद्योग, व्यापार, निवेश और औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के औद्योगिक एवं व्यावसायिक माहौल से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। साथ ही निवेश को बढ़ावा देने, व्यापारिक गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने और उद्यमियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने से संबंधित सुझाव भी दिए।
इस अवसर पर एफजेसीसीआई के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि संगठन जल्द ही एक राज्यस्तरीय सम्मेलन आयोजित करेगा, जिसमें राज्यभर के उद्योगपति, व्यापारी, उद्यमी और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल के सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार उद्योग, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने तथा झारखंड के समग्र आर्थिक विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार उद्यमियों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
बैठक में एफजेसीसीआई के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया एवं राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग और रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा, उदयशंकर और रमेश कुमार चिनी, विनय अग्रवाल, पलामू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आनंद शंकर, कार्यकारिणी सदस्य फिराजुद्दीन तथा गुमला चैंबर के सदस्य अमर प्रदीप सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।



