Ranchi: झारखंडवासियों को मानसून के लिए अभी और इंतज़ार करना होगा। मौसम विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार, अब राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून 10 जून के बाद ही पहुंच पाएगा। पहले अनुमान लगाया जा रहा था कि 4 से 5 जून तक मानसून राज्य में दस्तक दे देगा, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ने के कारण इसकी गति धीमी हो गई है।
Also Read : बुढ़मू में TSPC नक्सली सुमित लहरी गिरफ्तार, हथियार समेत पकड़ा गया
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, मानसून फिलहाल केरल से पूर्वोत्तर राज्यों की ओर बढ़ गया है और बंगाल की ओर से झारखंड में प्रवेश नहीं कर सका है। इसका सीधा असर राज्य के मौसम पर पड़ा है, जहां तेज धूप और उमस भरी गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है।
अगले कुछ दिन और तपेगा झारखंड
विशेषज्ञों ने बताया कि अगले दो से चार दिनों तक तापमान में और वृद्धि की संभावना है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना से इनकार नहीं किया गया है। लेकिन राहत के लिए मानसून की पूरी तरह से दस्तक का इंतजार करना होगा।
सोमवार का तापमान आंकड़ा कुछ यूं रहा:
- रांची – 34.4 डिग्री
- जमशेदपुर – 36.1 डिग्री
- डालटेनगंज – 38.2 डिग्री
- बोकारो – 38.1 डिग्री
- चाईबासा – 35.8 डिग्री सेल्सियस
इन आंकड़ों से साफ है कि राज्य के कई जिलों में तापमान 38 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जिससे लू और हीटवेव की स्थिति बन रही है।
गर्मी से बेहाल लोग, मानसून की राह तकते किसान
झारखंड के किसान मानसून की देरी से सबसे ज्यादा चिंतित हैं। धान की बुआई और खेत की तैयारी मानसून पर ही निर्भर है। राज्य के ग्रामीण इलाकों में किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं।
क्या है आगे की उम्मीद?
मौसम विभाग का कहना है कि यदि बंगाल की खाड़ी में फिर से कोई सक्रिय सिस्टम बनता है, तो मानसून की गति बढ़ सकती है। तब तक झारखंड के लोगों को धूप, उमस और गर्म हवाओं का सामना करते रहना होगा।

