- ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं :सुरेश बैठा
मुकेश रंजन
Ranchi : बुढ़मू प्रखंड के सोसई नगड़ू मैदान में आयोजित पांच दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शनिवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ समापन हुआ। सोसई नगड़ू स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में 16 टीमों ने दमखम दिखाया। खिताबी मुकाबला सूरज स्पोर्टिंग क्लब मुरु सोसई और सरना स्पोर्टिंग क्लब टॉकी सूद के बीच हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। हालांकि, सूरज स्पोर्टिंग क्लब मुरु सोसई ने 1-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।

विजेता टीम को मुख्य अतिथि कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा, प्रखंड प्रमुख सत्यनारायण मुंडा, विधायक प्रतिनिधि शमीम बड़ेहार, पूर्व मुखिया रामदेव पाहन, पत्रकार सुदीप सिंह, समाजसेवी सह शिक्षक जैनेन्द्र यादव, समाजसेवी सनोज यादव व सुखदेव मुंडा समेत अन्य अतिथियों ने ₹41 हजार नकद राशि और बड़ी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता सरना स्पोर्टिंग क्लब टॉकी सूद को ₹25 हजार नकद व ट्रॉफी प्रदान की गयी।
मौके पर विधायक सुरेश कुमार बैठा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएं। ऐसे आयोजन युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर भी देते हैं।
तीसरे स्थान पर रही सुकुरहुटू की टीम को ₹11 हजार, जबकि चौथे स्थान पर रही स्पोर्टिंग क्लब बुढ़मू की टीम को ₹10 हजार की सम्मान राशि दी गयी। टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। फाइनल मैच का शुभारंभ अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फुटबॉल को किक मारकर किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में उत्प्रेरक असजद राजा, संतोष मुंडा, मजीद आलम, सुनील मुंडा, राजेश मुंडा समेत सोसई नगड़ू स्पोर्टिंग क्लब के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।



