Ranchi : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने राउरकेला, ओडिशा में हुए 4,000 किलोग्राम विस्फोटक लूटकांड की जांच में बड़ा खुलासा किया है। एजेंसी ने बताया कि झारखंड और ओडिशा क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाने की मंशा से विस्फोटक लूटे थे।
एनआईए ने इस मामले में 11 नक्सलियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की है। चार्जशीट में झारखंड के सारंडा क्षेत्र में सक्रिय एक करोड़ के इनामी नक्सली पतिराम मांझी उर्फ अनल के साथ जरजा मुंडा, पिंटू लोहरा, लालजीत, शिवा बोदरा, अमित मुंडा, सुखलाल मुंडा, रवि, राजेश, सोहन और अप्टन के नाम शामिल हैं।
जांच में यह सामने आया है कि सभी आरोपितों ने करीब 200 पैकेट (प्रत्येक 20 किलोग्राम) विस्फोटक सामग्री की लूट की साजिश, योजना और उसे अंजाम देने में सक्रिय भूमिका निभाई। बाद में ये विस्फोटक झारखंड के पश्चिम सिंहभूम, चाईबासा क्षेत्र से बरामद किए गए।

