New Delhi : देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत मिली है। निजी क्षेत्र की ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। नई कीमतें 1 जुलाई 2026 से देशभर में कंपनी के सभी पेट्रोल पंपों पर लागू हो गई हैं।
दो साल से अधिक समय में यह पहली बार है, जब किसी ईंधन कंपनी ने खुदरा स्तर पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती की है। कंपनी ने यह फैसला पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में आई गिरावट के बाद लिया है।
नायरा एनर्जी, जो रूस की रोसनेफ्ट समर्थित कंपनी है, ने हाल ही में भारत में अपने पेट्रोल पंपों की संख्या 7,000 के पार पहुंचा दी है और अब वह देश की सबसे बड़ी निजी ईंधन रिटेलर बन गई है। हालांकि अलग-अलग राज्यों में वैट (VAT) और अन्य स्थानीय करों के कारण पेट्रोल-डीजल की अंतिम कीमतें अलग हो सकती हैं।
वहीं, सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने फिलहाल अपनी कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। दिल्ली में इनके पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर की दर से मिल रहा है।
गौरतलब है कि 26 मार्च 2026 को अमेरिका-ईरान तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने पर नायरा एनर्जी ने पेट्रोल के दाम 5 रुपये और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए थे। अब कंपनी ने उतनी ही कटौती कर दी है।
इसके बाद सरकारी तेल कंपनियों ने भी मई महीने में कई चरणों में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए थे। सरकारी कंपनियों ने कुल मिलाकर 7.50 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी और इसकी वजह पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण बढ़ी तेल खरीद लागत बताई थी।
नायरा एनर्जी गुजरात के वाडिनार में 2 करोड़ टन वार्षिक क्षमता वाली रिफाइनरी संचालित करती है। कंपनी के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य दोबारा खुलने, कच्चे तेल और एलएनजी की आपूर्ति सामान्य होने तथा वैश्विक बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट आने के बाद ईंधन की कीमतों में कटौती का फैसला लिया गया है।



