पटना: पितृपक्ष मेला-2026 में गयाजी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने विशेष पिंडदान पैकेज तैयार किए हैं। इन पैकेजों में श्रद्धालुओं को यात्रा, पिंडदान, पूजा सामग्री, होटल में ठहरने और भोजन जैसी सुविधाएं एक साथ उपलब्ध कराई जाएंगी। खास बात यह है कि कुछ पैकेजों में घर से गयाजी तक आने और धार्मिक अनुष्ठान पूरा होने के बाद वापस घर पहुंचाने की भी व्यवस्था की गई है।
25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलने वाले पितृपक्ष मेले के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गयाजी पहुंचने की उम्मीद है। पर्यटन निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा और बजट को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग श्रेणियों में पैकेज तैयार किए हैं।
पिंडदान के साथ पर्यटन का भी मौका
पर्यटन निगम के पैकेज केवल पिंडदान तक सीमित नहीं हैं। श्रद्धालुओं को बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराने का विकल्प भी दिया गया है। पैकेज के तहत सेडान या हैचबैक कार से निर्धारित धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक ले जाने की सुविधा मिलेगी। नालंदा के प्राचीन अवशेष और राजगीर का विश्व शांति स्तूप भी यात्रा का हिस्सा होंगे। पर्यटन और स्मारकों के प्रवेश टिकट भी संबंधित पैकेज में शामिल किए गए हैं।
श्रद्धालुओं के बजट के अनुसार होटल की सुविधा
पैकेज में श्रद्धालुओं की सुविधा और बजट को ध्यान में रखते हुए 3 स्टार, सेमी-लग्जरी और बजट एसी होटल की श्रेणियां रखी गई हैं। बोधगया में होटल स्टार, होटल गौतम, गीतांजलि, बुद्धा रिजॉर्ट और निरंजना रिजॉर्ट जैसे विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। इस व्यवस्था से बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग से व्यवस्था करने की जरूरत कम होगी।
जानिए पितृपक्ष मेला 2026 के सभी पैकेज
पैकेज-ए: पटना से पुनपुन घाट और गयाजी
यह एक दिवसीय पिंडदान पैकेज है। इसमें पटना से पुनपुन घाट होते हुए गयाजी और फिर पटना वापसी की व्यवस्था है। होटल श्रेणी और यात्रियों की संख्या के आधार पर इसकी कीमत 14,550 रुपये से 30,650 रुपये तक है।
पैकेज-बी: पटना-पुनपुन-गयाजी के साथ नालंदा और राजगीर
यह एक रात और दो दिन का पैकेज है। इसमें पिंडदान के साथ नालंदा और राजगीर घूमने का अवसर मिलेगा। यात्रियों की संख्या के अनुसार शुल्क निर्धारित किया गया है। एक यात्री के लिए इसकी दर 18,850 रुपये, जबकि चार यात्रियों के लिए 40,700 रुपये रखी गई है।
पैकेज-सी: गयाजी एक दिवसीय पिंडदान
जो श्रद्धालु सीधे गयाजी पहुंचकर पिंडदान करना चाहते हैं, उनके लिए यह पैकेज तैयार किया गया है। होटल की श्रेणी और यात्रियों की संख्या के आधार पर इसकी कीमत 11,250 रुपये से 25,250 रुपये तक है।
पैकेज-डी: गयाजी एक रात-दो दिन
यह पैकेज खास तौर पर उन श्रद्धालुओं के लिए है, जो देर रात, सुबह या शाम के समय पिंडदान अनुष्ठान करना चाहते हैं। इसमें होटल और यात्रियों की संख्या के अनुसार शुल्क निर्धारित है। एक व्यक्ति के लिए 16,000 रुपये और चार लोगों के लिए 39,500 रुपये शुल्क रखा गया है।
पैकेज-ई: गयाजी के साथ राजगीर और नालंदा
यह भी एक रात और दो दिन का पैकेज है। इसमें गयाजी में पिंडदान के साथ राजगीर और नालंदा भ्रमण कराया जाएगा। पैकेज की कीमत यात्रियों की संख्या और होटल श्रेणी के अनुसार 16,550 रुपये से 32,850 रुपये तक है।
ई-पिंडदान की भी सुविधा
जो श्रद्धालु किसी कारण से गयाजी नहीं पहुंच सकते या अपने परिवार की ओर से ऑनलाइन माध्यम से पिंडदान कराना चाहते हैं, उनके लिए पर्यटन निगम ने 23 हजार रुपये का ई-पिंडदान पैकेज भी तैयार किया है। इसमें पिंडदान अनुष्ठान की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाएगी। रिकॉर्डिंग को पेन ड्राइव में तैयार कर पंडा के माध्यम से श्रद्धालु को उपलब्ध कराया जाएगा। इससे श्रद्धालु धार्मिक अनुष्ठान की डिजिटल स्मृति भी अपने पास रख सकेंगे। पर्यटन निगम के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2023 से 2025 के बीच 30 श्रद्धालुओं ने ई-पिंडदान पैकेज का लाभ लिया। वहीं सामान्य पिंडदान पैकेज के जरिए 150 श्रद्धालुओं ने अनुष्ठान कराया। तीन वर्षों में कुल 180 श्रद्धालु पर्यटन निगम की इन सेवाओं से जुड़े।
ऐसे करें पितृपक्ष पिंडदान पैकेज की बुकिंग
श्रद्धालु पिंडदान पैकेज की ऑनलाइन बुकिंग पर्यटन निगम के बुकिंग पोर्टल के माध्यम से कर सकते हैं। ऑफलाइन बुकिंग के लिए भी संपर्क की सुविधा उपलब्ध है।
ऑफलाइन बुकिंग के लिए संपर्क:
8544418408
8294307690
पितृपक्ष के दौरान गयाजी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्यटन निगम की यह पहल धार्मिक यात्रा को व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



