- प्रधानमंत्री सूर्य घर, मुफ्त बिजली योजना के तहत पटना में करीब 50 सोलर सहायता केंद्र लगाए जाएंगे। यहां रूफटॉप सोलर, आवेदन प्रक्रिया और 3 किलोवाट पर ₹98,000 तक सब्सिडी की जानकारी मिलेगी।
Patna : PM सूर्य घर योजना को बढ़ावा देने के लिए पटना में करीब 50 प्रमुख स्थानों पर सोलर सहायता केंद्र लगाए जाएंगे। इन केंद्रों पर लोगों को रूफटॉप सोलर लगाने, सरकारी सब्सिडी, आवेदन प्रक्रिया और योजना के फायदे से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।
प्रधानमंत्री सूर्य घर, मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र सरकार की सहायता के साथ बिहार सरकार की ओर से भी अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जा रही है। वर्तमान में एक किलोवाट के रूफटॉप सोलर पर कुल 40 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 70 हजार रुपये और तीन किलोवाट पर 98 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है।
लोगों को सोलर योजना की जानकारी देगा पेसू
पटना इलेक्ट्रिक सप्लाई यूनिट ने योजना के लिए जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। पेसू के जीएम दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि फ्यूज कॉल वाहनों के माध्यम से विभिन्न इलाकों में माइकिंग कराई जा रही है।
कार्यालयों और फ्यूज कॉल वाहनों के माध्यम से पंपलेट बांटकर भी लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की जानकारी दी जा रही है।
अब अभियान को और व्यापक बनाते हुए राजधानी के करीब 50 प्रमुख स्थानों पर सोलर सहायता केंद्र लगाए जाएंगे। इन केंद्रों के लिए ऐसे स्थानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
मॉर्निंग वॉक वाले स्थानों पर भी लगेंगे सहायता केंद्र
पेसू की ओर से मॉर्निंग वॉक और दैनिक भ्रमण के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने वाले स्थानों पर भी सोलर सहायता केंद्र लगाए जाएंगे।
इन केंद्रों पर उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर की उपयोगिता, सरकारी सब्सिडी और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। मौके पर ही लोगों के सवालों और शंकाओं का समाधान भी किया जाएगा।
अभियान के दौरान खास तौर पर ऐसे घरेलू उपभोक्ताओं तक पहुंच बनाने पर जोर रहेगा, जिनके घरों की छत पर सोलर संयंत्र लगाने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध है।
3 किलोवाट सोलर पर ₹98,000 तक सब्सिडी
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर लगाने वाले उपभोक्ताओं को केंद्र और बिहार सरकार की ओर से वित्तीय सहायता दी जा रही है।
वर्तमान में एक किलोवाट के रूफटॉप सोलर पर कुल 40 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 70 हजार रुपये और तीन किलोवाट पर 98 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है।
पहले यह सब्सिडी क्रमशः 30 हजार रुपये, 60 हजार रुपये और 78 हजार रुपये थी।
बिजली बिल में कमी का मिलेगा लाभ
पेसू ने घरेलू उपभोक्ताओं से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठाने की अपील की है। रूफटॉप सोलर से घर की बिजली जरूरत का एक हिस्सा पूरा किया जा सकता है, जिससे बिजली बिल में भी कमी आ सकती है।
इसके साथ ही सोलर ऊर्जा के उपयोग से स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।



