Ayodhya : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को अयोध्या धाम में राम मंदिर पर ध्वजारोहण से पहले एक भव्य रोड शो किया। ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंजते रामपथ पर पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए रामभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के बावजूद जगह-जगह लोगों ने प्रधानमंत्री के काफिले पर पुष्पवर्षा की।
अयोध्या पहुंचने पर एयरपोर्ट पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी का स्वागत किया। यहां से प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से साकेत महाविद्यालय पहुंचे, जहां शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका आदर सत्कार किया गया।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने साकेत महाविद्यालय से राम मंदिर परिसर तक रोड शो किया। रास्ते में बने सात सांस्कृतिक मंचों पर कलाकारों ने रामायण आधारित नृत्य, संगीत और लोक कला की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
राम जन्मभूमि परिसर पहुंचकर प्रधानमंत्री ने गर्भगृह में रामलला के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने सप्त मंदिर क्षेत्र में महर्षि वाल्मीकि, वशिष्ठ, विश्वामित्र, अगस्त्य, देवी अहिल्या, निषादराज गुहा और माता शबरी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता अम्बरीष ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन का संकल्प आज सिद्धि के शिखर पर है। वहीं, आंदोलन से जुड़े रहे शरद शर्मा ने कहा कि यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का संदेश है। 500 वर्षों का संकल्प पूरा होने पर अयोध्या में उल्लास की लहर है।



