नवादा: बिहार के नवादा जिले में एक चार माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। कौआकोल थाना क्षेत्र के सरौनी पंचायत अंतर्गत प्रभानगर गांव के नयकाडीह टोला में रविवार को 18 वर्षीय सुविता कुमारी की मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर उसे जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
करीब 14 महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, सुविता कुमारी की शादी करीब 14 महीने पहले गोलू कुमार, पिता प्रमोद चौधरी के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि सुविता के गर्भ में करीब चार माह का बच्चा था। उसका पति बाहर रहकर काम करता था। रविवार सुबह विवाहिता की मौत की खबर सामने आने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कौआकोल थाना पुलिस करीब 9 बजे मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पिता ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप
मृतका के पिता रामाशीष चौधरी, जो पकरीबरावां प्रखंड के धमौल थाना क्षेत्र के रेवार गांव के रहने वाले हैं, ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मायके वालों का कहना है कि सुविता की मौत सामान्य नहीं है और उसे कथित तौर पर जहर देकर मारा गया है। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सास हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने मृतका की सास साबो देवी को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मृतका की मौत से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है। अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सुविता की मौत किन परिस्थितियों में हुई। मायके वालों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। परिजनों के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



