बंगाल की खाड़ी के निम्न दबाव से झारखंड में बढ़ी बारिश की रफ्तार, पांच जिलों में यलो अलर्ट

मुकेश रंजन Ranchi : बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर अब झारखंड में साफ दिखाई देने लगा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुककर हल्की

बंगाल की खाड़ी के निम्न दबाव से झारखंड में बढ़ी बारिश की रफ्तार, पांच जिलों में यलो अलर्ट

मुकेश रंजन
Ranchi : बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर अब झारखंड में साफ दिखाई देने लगा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुककर हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, निम्न दबाव के प्रभाव से 28 अगस्त तक झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकांश जिलों में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहने तथा अच्छी बारिश होने की संभावना है।

28 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर:

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में राज्य में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। राजधानी रांची समेत कई जिलों में रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। 27 अगस्त को रांची में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 30 अगस्त तक राजधानी में आसमान में बादल छाए रहने तथा कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

बारिश से रांची के तापमान में 3.4 डिग्री की गिरावट:

निम्न दबाव का असर सोमवार को राजधानी रांची में भी देखने को मिला। दोपहर करीब तीन बजे डंगराटोली, लालपुर समेत कई इलाकों में बारिश शुरू हुई। करीब एक घंटे तक रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रांची में 14 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण राजधानी के तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।

पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 46 फीसदी अधिक बारिश :

राज्य के कई जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से बेहतर रहा है। पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 46 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं रांची में 4 प्रतिशत, सिमडेगा में 7 प्रतिशत, सरायकेला-खरसावां में 8 प्रतिशत और खूंटी में 5 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग को उम्मीद है कि बंगाल की खाड़ी के निम्न दबाव के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और राज्य में बारिश की कमी कुछ हद तक दूर होगी।

भारी बारिश वाले जिलों में सतर्कता जरूरी:

मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी वाले जिलों में लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, सड़कों पर फिसलन तथा नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की स्थिति बन सकती है। लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और अत्यधिक बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

निम्न दबाव के असर से झारखंड में मानसून फिर हुआ सक्रिय, अगले कुछ दिन बारिश के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.