Samastipur Railway Special Trains 2026: दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। समस्तीपुर रेलमंडल से जुड़ी तीन स्पेशल ट्रेन सेवाओं के परिचालन की अवधि बढ़ा दी गई है। इससे त्योहारों के दौरान घर जाने और वापस लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन सेवा का विकल्प मिलेगा। रेलवे के अनुसार, विस्तारित अवधि में इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन पहले से निर्धारित रूट, ठहराव, समय-सारणी और कोच संरचना के मुताबिक ही किया जाएगा। यात्रियों के लिए अलग-अलग रूट पर उपलब्ध इन सेवाओं से नियमित ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
पाटलिपुत्र-पुर्णिया कोर्ट स्पेशल के 32 फेरे बढ़े
गाड़ी संख्या 03216 पाटलिपुत्र-पुर्णिया कोर्ट स्पेशल का परिचालन अब 18 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। पहले इस ट्रेन की सेवा 16 अक्टूबर तक निर्धारित थी। विस्तारित अवधि में ट्रेन के कुल 32 फेरे होंगे। यह ट्रेन बुधवार और शनिवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन चलेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 03215 पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल 19 अक्टूबर से 1 दिसंबर 2026 तक संचालित होगी। यह ट्रेन गुरुवार और रविवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन चलेगी। वापसी सेवा के भी कुल 32 फेरे निर्धारित किए गए हैं।
पाटलिपुत्र-पुर्णिया कोर्ट स्पेशल में 20 कोच
इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें शामिल हैं:
- 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी कोच
- 10 स्लीपर कोच
- 3 एसी थ्री टियर कोच
- 1 एसी टू टियर कोच
- 2 एसएलआरडी कोच
रक्सौल-नरकटियागंज स्पेशल का भी बढ़ा संचालन
त्योहारों के मद्देनजर रक्सौल-नरकटियागंज स्पेशल की सेवा भी आगे बढ़ाई गई है। गाड़ी संख्या 05543 रक्सौल-नरकटियागंज और 05544 नरकटियागंज-रक्सौल स्पेशल अब 1 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक चलेंगी। दोनों दिशाओं की ट्रेनें प्रत्येक गुरुवार और शनिवार को संचालित होंगी। विस्तारित अवधि में दोनों ट्रेनों के 18-18 फेरे होंगे। एलएचबी रैक से चलने वाली इस ट्रेन में कुल 18 कोच होंगे। इसमें एक एलएसएलआरडी, एक जनरेटर कार, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी, नौ स्लीपर, दो एसी थ्री टियर और एक एसी टू टियर कोच शामिल है।
पटना-इस्लामपुर स्पेशल भी चलेगी नवंबर तक
गाड़ी संख्या 03297 पटना-इस्लामपुर स्पेशल का परिचालन भी बढ़ाया गया है। यह ट्रेन अब 1 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक चलेगी। ट्रेन प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को संचालित होगी और इस दौरान इसके कुल 26 फेरे होंगे। वापसी में गाड़ी संख्या 03298 इस्लामपुर-पटना स्पेशल 2 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी। वापसी सेवा के भी 26 फेरे निर्धारित किए गए हैं।
पटना-इस्लामपुर स्पेशल में 22 एलएचबी कोच
इस ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इनमें:
- 1 एलएसएलआरडी कोच
- 1 जनरेटर कार
- 4 सामान्य श्रेणी के कोच
- 6 स्लीपर कोच
- 2 एसी थ्री इकोनॉमी
- 4 एसी थ्री टियर
- 2 एसी टू टियर
- 1 प्रथम वातानुकूलित श्रेणी का कोच
शामिल हैं।
त्योहारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे का फैसला
दुर्गा पूजा से लेकर दीपावली और छठ तक बिहार आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या में आमतौर पर काफी बढ़ोतरी होती है। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों का परिचालन लंबे समय तक जारी रखने का फैसला यात्रियों के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का नंबर, तारीख, समय और ठहराव जरूर जांच लें। विस्तारित सेवाओं का लाभ लेकर यात्री त्योहारों के दौरान अपनी यात्रा को पहले से बेहतर तरीके से प्लान कर सकते हैं।




